Friday , July 24 2026

डिजिटल कौशल से सशक्त होंगी छात्राएं, छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज में शुक्रवार को भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं के लिए छह दिवसीय डाटा एंट्री ऑपरेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. शालिनी श्रीवास्तव ने किया।

प्रो. शालिनी श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल कौशल रोजगार के नए अवसरों का आधार बन रहे हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में भारत सरकार की रूसा तथा पीएम उषा योजना के अंतर्गत आधुनिक कंप्यूटरों की खरीद की गई है। इन संसाधनों के माध्यम से बड़ी संख्या में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनके रोजगार एवं कौशल विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी।

कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. क्रांति सिंह ने किया। इस अवसर पर एमएसएमई विभाग के फील्ड ऑफिसर राजन यादव ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डाटा एंट्री ऑपरेटर का कौशल आज के डिजिटल युग में रोजगार की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी है और इससे छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकते हैं।

कार्यक्रम में डॉ. रश्मि अग्रवाल, डॉ. भास्कर शर्मा, डॉ. विशाल प्रताप सिंह, डॉ. रोशनी सिंह तथा सुनील वर्मा सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में डॉ. भास्कर शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।