लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को आयोजित भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्षों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही। वक्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।


सम्मेलन के मुख्य वक्ता एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की सफलता का आधार मजबूत बूथ संगठन होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संपर्क अभियान को और तेज करने तथा सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की सफलता सुनिश्चित करेगी।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्षों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अनुशासित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष और समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक रीढ़ हैं। उनके अथक परिश्रम और समर्पण के बल पर भाजपा संगठन और सरकार निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से क्षेत्र के विकास, जनसेवा और संगठनात्मक गतिविधियों में पूरी निष्ठा के साथ सक्रिय रहने की अपील की।

सम्मेलन में बूथ प्रबंधन, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा क्षेत्र की स्थानीय प्राथमिकताओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

इस अवसर पर सह संयोजक राम अवतार कन्नौजिया, अनूप सिंह, विवेक सिंह तोमर, घनश्याम अग्रवाल, टिंकू सोनकर, सत्येंद्र सिंह, कुमकुम राजपूत, सौरभ बाल्मीकि, चंद्रप्रकाश अवस्थी, सतीश वर्मा, राकेश पाण्डेय, विशाल गुप्ता, दया पाण्डेय, रमन निगम, शैलेन्द्र मौर्य, संजय तिवारी, विनय सिंह वर्मा सहित सभी मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal