लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। के.सी. महिंद्रा एजुकेशन ट्रस्ट (केसीएमईटी) ने प्रतिष्ठित के.सी. महिंद्रा पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज स्कॉलरशिप के तहत 92 मेधावी छात्रों को 4.26 करोड़ रुपये की ब्याज-मुक्त ऋण छात्रवृत्ति प्रदान की है। इस पहल के जरिए ट्रस्ट ने देश के भावी लीडर्स, इनोवेटर्स और बदलाव लाने वाले युवाओं को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। वर्ष 1956 में शुरू की गई के.सी. महिंद्रा पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज स्कॉलरशिप ट्रस्ट की पहली छात्रवृत्ति थी और आज यह देश की सबसे प्रतिष्ठित स्नातकोत्तर छात्रवृत्तियों में गिनी जाती है।
इसकी शुरुआत इस सोच के साथ की गई थी कि प्रतिभाशाली भारतीय छात्र विदेशों में उन विषयों की उच्च शिक्षा प्राप्त करें। जिनकी सुविधा उस समय भारत में उपलब्ध नहीं थी और लौटकर देश के विकास में योगदान दें। समय के साथ इस छात्रवृत्ति का दायरा बढ़ाकर कई अन्य विषयों तक विस्तारित किया गया।
अपने 70वें वर्ष में ट्रस्ट ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इस छात्रवृत्ति का लाभ अब भारत में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों तक भी बढ़ा दिया है। यह निर्णय भारत की उच्च शिक्षा व्यवस्था में ट्रस्ट के बढ़ते विश्वास और देश के प्रतिभाशाली छात्रों को उनके अध्ययन स्थल की परवाह किए बिना सहयोग देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस वर्ष छात्रवृत्ति को देशभर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और 1,744 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। बहु-स्तरीय चयन प्रक्रिया के बाद 99 उम्मीदवारों को अंतिम साक्षात्कार के लिए चुना गया। 7 और 8 जुलाई 2026 को मुंबई में आयोजित इन साक्षात्कारों का संचालन एक चयन समिति ने किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal