मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ऐसे समय में जब वैश्विक एयरोस्पेस कंपनियां मजबूत और विविधीकृत सप्लाई चेन की तलाश कर रही हैं। गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप का एयरोस्पेस व्यवसाय दुनिया के सबसे प्रभावशाली एयरोस्पेस उद्योग आयोजनों में से एक फर्नबरो इंटरनेशनल एयरशो 2026 में वैश्विक एयरोस्पेस और एयरो-इंजन विनिर्माण में भारत की बढ़ती भूमिका का प्रदर्शन कर रहा है। यह एयरशो 20 से 24 जुलाई तक आयोजित किया जा रहा है।
दुनिया भर के प्रमुख विमान निर्माता, एयरो-इंजन ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs), सप्लायर, प्रौद्योगिकी कंपनियां और नीति-निर्माता इस आयोजन में भाग ले रहे हैं। फर्नबरो एयरशो विमानन क्षेत्र के भविष्य को दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। एयरोस्पेस कंपनियां जहां अपनी सोर्सिंग को विविध बना रही हैं और सप्लाई नेटवर्क को मजबूत कर रही हैं, वहीं भारत उन्नत विनिर्माण और इंजीनियरिंग के लिहाज से एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।
एयरोस्पेस विनिर्माण में चार दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, गोदरेज के एयरोस्पेस बिजनेस ने उन्नत इंजीनियरिंग, सटीक विनिर्माण और अत्यधिक जटिल एयरोस्पेस उत्पादन में गहरी विशेषज्ञता हासिल की है। कंपनी की क्षमताओं में प्रिसिजन मशीनिंग, एडवांस्ड फैब्रिकेशन, हॉट फॉर्मिंग, स्पेशलाइज्ड ब्रेजिंग और वेल्डिंग शामिल हैं। यह क्षमताएं महत्वपूर्ण एयरो-इंजन और विमान के पुर्जों (कंपोनेंट्स) के निर्माण को सक्षम बनाती हैं, जो वैश्विक विमानन कार्यक्रमों की सख्त आवश्यकताओं को पूरा करते हैं।

गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के एयरोस्पेस बिजनेस के बिजनेस हेड, मानेक बेहरामकामदीन ने कहा, “जैसे-जैसे एयरोस्पेस आपूर्ति श्रृंखलाएं विकसित हो रही हैं, भारत केवल एक विनिर्माण केंद्र (मैन्युफैक्चरिंग डेस्टिनेशन) रहने के बजाय, दुनिया के सबसे उन्नत विमानन कार्यक्रमों के लिए एक महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी भागीदार बन रहा है। गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप में, हम उन्नत विनिर्माण, बेहतरीन इंजीनियरिंग और डिजाइन-आधारित क्षमताओं में निरंतर निवेश के माध्यम से इस बदलाव का समर्थन कर रहे हैं। प्रमुख एयरोस्पेस ओईएम (OEMs) के साथ हमारी दीर्घकालिक साझेदारी भारतीय विशेषज्ञता पर जताए गए भरोसे को दर्शाती है, और फर्नबरो इन संबंधों को मजबूत करने तथा सहयोग के नए रास्ते तलाशने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।”
यह व्यवसाय लगातार निवेश, अनुसंधान एवं विकास (R&D) तथा प्रौद्योगिकी-आधारित नवाचार के माध्यम से पारंपरिक बिल्ड-टू-प्रिंट विनिर्माण मॉडल से आगे बढ़कर अधिक मूल्यवर्धित बिल्ड-टू-स्पेसिफिकेशन इंजीनियरिंग क्षमताओं की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बेंगलुरु स्थित इसका समर्पित एयरोस्पेस डिजाइन कार्यालय, जो विमानों की एक्ट्यूएशन सिस्टम्स पर केंद्रित है, एयरोस्पेस वैल्यू चेन में डिजाइन और इंजीनियरिंग क्षमताओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
फर्नबरो इंटरनेशनल एयरशो 2026 में भागीदारी के माध्यम से गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप को उद्योग जगत के प्रमुख विशेषज्ञों से संवाद करने, रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत बनाने तथा भविष्य की विमानन जरूरतों के लिए विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग और विनिर्माण समाधान उपलब्ध कराने की भारत की क्षमता को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप का एयरोस्पेस व्यवसाय फर्नबरो इंटरनेशनल एयरशो 2026, यूनाइटेड किंगडम में हॉल O, बूथ संख्या 0030 पर अपने उत्पादों और क्षमताओं का प्रदर्शन करेगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal