मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंजीनियरिंग इंटेलिजेंस समाधान और ईआरएंडडी परामर्श सेवा से जुड़ी वैश्विक कंपनी, एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज़ (बीएसई: 540115, एनएसई: एलटीटीएस) ने ‘इंजीनियरिंग इंटेलिजेंस (ईआई) ओपनहैक 2026’ का आयोजन किया। यह अपनी तरह का पहला वैश्विक नवोन्मेष (इनोवेशन) चैलेंज था, जो भारत, अमेरिका और यूरोप में नौ स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया।
इस हैकाथॉन में बेंगलुरु, मैसूरु, चेन्नई, हैदराबाद, पुणे, वडोदरा, मुंबई, डैलस और म्यूनिख के लगभग 4,000 इंजीनियरों (770 से ज़्यादा टीमें) ने मिलकर एआई-आधारित इनोवेशन के ज़रिए जटिल इंजीनियरिंग चुनौतियों का समाधान करने का प्रयास किया। कंपनी की रणनीतिक वृद्धि से जुड़ी प्राथमिकताओं के अनुरूप 500 से अधिक चैलेंज स्टेटमेंट तैयार किए गए थे। जिनमें सॉफ्टवेयर-डिफाइंड मोबिलिटी, प्लांट बिल्डआउट एवं आधुनिकीकरण, ऊर्जा एवं ऑटोमेशन, अगली पीढ़ी के कंप्यूट एवं एआई बुनियादी ढांचा, डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, मेडटेक और सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म एवं एआई जैसे क्षेत्र शामिल थे।
डोमेन विशेषज्ञता और उभरती हुई टेक्नोलॉजी को मिलाकर, प्रतिभागियों ने औद्योगिकी स्वचालन, साइबर सुरक्षा, ऑटोनॉमस सिस्टम, सप्लाई चेन इंटेलिजेंस, एंटरप्राइज़ ऑप्टिमाइज़ेशन और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में एआई आधारित समाधान विकसित किए। इन सभी का लक्ष्य था, कंपनियों को अपने उत्पादों, परिचालन और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं को नया स्वरूप प्रदान करने में मदद करना।
निर्णायकमंडल में एलटीटीएस के वरिष्ठ अधिकारी और टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ शामिल थे, जिन्होंने कई दौर में समाधानों का मूल्यांकन किया। उन्होंने इनोवेशन, तकनीकी उत्कृष्टता, विस्तार योग्यता (स्केलेबिलिटी), वास्तविक दुनिया में उपयोगिता और एआई के प्रभावी इस्तेमाल के आधार पर परियोजनाओं को परखा।
विजेता टीमों को 30 लाख रुपये से अधिक के नकद पुरस्कार दिए गए। जबकि बेहतरीन नवोन्मेष को ‘प्रोजेक्ट इक्विनॉक्स’ के ज़रिए आगे विकसित करने के अवसर मिले। ‘प्रोजेक्ट इक्विनॉक्स’ एलटीटीएस का ऐसा प्लेटफॉर्म है जो होनहार और विस्तारयोग्य समाधानों का समर्थन करता है। पेटेंट के अनुरूप नवोन्मेष को विशेष पहचान के लिए भी शॉर्टलिस्ट किया गया, जिससे प्रतिभागी अपने बेहतरीन विचारों को मूल्यवान बौद्धिक संपदा में बदल सकें।
एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज़ के मुख्य परिचालन अधिकारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने प्रतिभागी और विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा, “ईआई ओपनहैक 2026, एलटीटीएस के ‘इंजीनियरिंग इंटेलिजेंस’ के दृष्टिकोण को दर्शाता है। जहां इंजीनियरिंग की विशेषज्ञता और एआई मिलकर असल दुनिया की उद्योग से जुड़ी चुनौतियों का सामाधान करते हैं। इसमें न सिर्फ बड़ी तादाद में भागीदारी रही, बल्कि हमारे इंजीनियरों की वह क्षमता भी दिखी जिससे उन्होंने संदर्भ की समझ, विषय के ज्ञान और एआई की क्षमता का इस्तेमाल कर ऐसे समाधान तैयार किए जिनका कारोबार के लिए ठोस महत्व है। ओपनहैक जैसी पहलें, प्रतिभागियों को प्रयोग करने, मिलकर काम करने और ऐसे समाधान तैयार करने के अवसर प्रदान करती हैं, जिनमें इंजीनियरिंग के भविष्य को आकार देने की संभावना होती है।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal