भोपाल : उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत आज पहली बार सीजेआई बनने के बाद भोपाल दौरे पर आ रहे हैं। राजधानी स्थित नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में वे देशभर के उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों और वरिष्ठ न्यायाधीशों के साथ न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने पर मंथन करेंगे।इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के 25 से अधिक उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश और कई वरिष्ठ न्यायाधीश हिस्सा लेंगे। उल्लेखनीय है कि लंबे समय बाद इतने बड़े स्तर पर देशभर के उच्च न्यायालयों के प्रमुख एक मंच पर एकत्र हो रहे हैं। सम्मेलन की थीम ‘एकीकृत, कुशल और जन-केंद्रित न्यायपालिका’ रखी गई है, जिसके तहत न्याय प्रणाली को आम लोगों तक सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उपायों पर चर्चा होगी। वहीं, सीजेआई बनने के बाद जस्टिस सूर्यकांत का यह मध्य प्रदेश का पहला दौरा है, जिसे न्यायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।न्यायमूर्ति सूर्यकांत इस सम्मेलन में मुख्य संबोधन देंगे। अपने वक्तव्य में वे न्यायिक व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में आवश्यक सुधारों पर विचार साझा करेंगे। साथ ही वे न्यायालयों में लंबित मामलों को कम करने, तकनीक के बेहतर उपयोग और न्याय तक आम नागरिकों की पहुंच आसान बनाने जैसे मुद्दों पर भी जोर देंगे।सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्रों में न्यायपालिका की कार्यप्रणाली को अधिक समन्वित बनाने, न्यायिक प्रक्रियाओं को सरल करने और अदालतों की कार्यक्षमता बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसमें यह भी विचार किया जाएगा कि न्यायिक प्रणाली को कैसे अधिक मानवीय, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाया जाए ताकि आम लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके।भोपाल में सीजेआई के आगमन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। उनके प्रवास के दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़ी जिम्मेदारी प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी गई है। एयरपोर्ट से लेकर नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी तक सभी व्यवस्थाओं की निगरानी उच्च स्तर पर की जा रही है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal