लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अलीगंज में महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई के निर्देशानुसार महाविद्यालय की इंस्टीट्यूशनल इनोवेशन सेल तथा करियर काउंसलिंग समिति के संयुक्त तत्वाधान में “ए.आई. फॉर आत्मनिर्भर भारत” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में बतौर मुख्य वक्ता मौजूद इंजीनियर आकाश सिंह ने छात्राओं को ए.आई. के विभिन्न आयाम तथा उसके अनुप्रयोग के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने किसी देश के विकास के लिए स्किल, इनोवेशन और तकनीकी के गठजोड़ की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया की सरकार की योजना युवा पीढ़ी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की तकनीक के प्रयोग से देश को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने की है।

उन्होंने कहा कि भारत के आत्मनिर्भर अभियान का लक्ष्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, इनोवेशन और स्टार्टअप इकोसिस्टम तथा उद्योगों में ऑटोमेशन, रक्षा एवं साइबर सिक्योरिटी, कृषि तकनीकी स्वास्थ्य सेवाओं में ए. आई. का प्रयोग करके देश को आगे बढ़ाना है।
इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक प्रोफेसर शरद कुमार वैश्य ने छात्राओं को अधिक से अधिक आई टूल स्किल सीखने, स्किल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने, पाइथन डाटा एनालिसिस, ऑटोमेशन टूल्स एवं प्रॉन्प्ट इंजीनियरिंग में दक्षता हासिल करने हेतु प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर प्रोफेसर शालिनी श्रीवास्तव, प्रोफेसर कंचन लता, डॉक्टर सविता सिंह, डॉक्टर ज्योति, डॉ अरविंद, डॉक्टर रोशनी सिंह, डॉक्टर श्रद्धा द्विवेदी, राहुल पटेल, डा. माला पाठक सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों ने छात्राओं को एआई में प्रवीणता हासिल करने हेतु प्रेरित किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal